19 जुलाई को राष्ट्र संत मणिभद्र मुनि का दुर्ग में भव्य नगर प्रवेश7 दिन तक विभिन्न क्षेत्रों में विचरण, 26 जुलाई को होगा चातुर्मास प्रवेश


दुर्ग। वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक श्रमण संघ के तत्वावधान में राष्ट्र संत, मानव मिलन के संस्थापक परम पूज्य गुरुदेव श्री मणिभद्र मुनि जी महाराज का भव्य नगर प्रवेश रविवार 19 जुलाई को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया जाएगा।

सुबह 7:40 बजे होगी आगवानी
आयोजकों के अनुसार नगर प्रवेश यात्रा प्रातः 7:40 बजे पूज्य म.सा. सुरेश जी जैन के नेहरू नगर स्थित स्थान से विहार कर प्रारंभ होगी। इस पावन अवसर पर चतुर्विध संघ की विशेष उपस्थिति रहेगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु दर्शन एवं मंगल विहार का लाभ लेंगे।

साइंस कॉलेज ओवर ब्रिज के पास गुरुदेव की आगवानी की जाएगी। आगवानी में श्रमण संघ परिवार के वरिष्ठ श्रावक-श्राविकाओं के साथ श्रमण संघ वर्धमान सेवा मंच, स्वाध्याय मंडल, महिला मंडल, बालिका मंडल एवं आनंद मधुकर रतन पाठशाला के बच्चे विशेष रूप से शामिल होंगे।

आध्यात्मिक जागृति का संदेश
आयोजकों ने बताया कि गुरुदेव श्री मणिभद्र मुनि जी महाराज राष्ट्र संत एवं मानव मिलन के प्रणेता के रूप में समाज में आध्यात्मिक जागृति, नैतिक मूल्यों तथा मानवीय एकता का संदेश दे रहे हैं। उनके दुर्ग आगमन को लेकर समाज में विशेष उत्साह का माहौल है।

संघ ने नगर प्रवेश में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं से मुंहपत्ती लगाकर पधारने और धर्मलाभ प्राप्त करने का अनुरोध किया है।

19 से 25 जुलाई तक होगा क्षेत्रीय विचरण
नगर प्रवेश के बाद 19 जुलाई से 25 जुलाई तक संत समुदाय शहर के विभिन्न क्षेत्रों मालवीय नगर, पदमनाभपुर, आदर्श नगर, महावीर कॉलोनी, खंडेलवाल कॉलोनी एवं ऋषभ नगर का विचरण करते हुए वर्धमान हाइट्स पहुंचेंगे।

26 जुलाई को चातुर्मास प्रवेश
आगामी 26 जुलाई को राष्ट्र संत श्री मणिभद्र मुनि जी एवं साध्वी लक्ष्मी जी म.सा अपने साध्वी समुदाय के साथ वर्धमान हाइट्स से जय आनंद मधुकर रतन भवन, बांधा तालाब दुर्ग में चातुर्मास हेतु भव्य प्रवेश करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से श्रमण संघ परिवार के सदस्य एवं गुरु भक्त परिवार शामिल होंगे।

वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक श्रमण संघ, दुर्ग ने समस्त जैन समाज एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नगर प्रवेश को सफल बनाने का आह्वान किया है।