पाटन: 17 अगस्त को निकलेगी विशाल बोल बम कांवर यात्रा


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को समिति ने दिया आमंत्रण

पाटन। बोल बम कांवर यात्रा समिति पाटन के संयोजक और भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को 17 अगस्त को आयोजित होने वाली विशाल बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव में आमंत्रित किया।

जितेन्द्र वर्मा ने विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर यात्रा की रूपरेखा और तैयारियों से अवगत कराया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित थे।

वर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन के तीसरे सोमवार को पाटन से टोलाघाट तक हजारों शिवभक्तों की सहभागिता से भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पैदल यात्रा करेंगे।

सेवा और समरसता का प्रतीक
जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि बोल बम कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा और जनआस्था का विराट उत्सव है। यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए चिकित्सा, पेयजल, भोजन, विश्राम, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए समिति को आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, सामाजिक और धार्मिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों और जनप्रतिनिधियों से 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक निकलने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।