“महादेव सट्टा एप भाजपा का सट्टा प्रकोष्ठ” : भूपेश बघेल का हमला


विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

रायपुर। महादेव सट्टा एप मामले में ईडी द्वारा विकास गर्ग की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट कर आरोप लगाया कि महादेव सट्टा एप भाजपा के संरक्षण में चलाया जा रहा “सट्टा प्रकोष्ठ” है।

बघेल ने लिखा कि विकास गर्ग भाजपा दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ का चेयरमैन और पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग का पुत्र है। ईडी ने उसे 1200 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन के मामले में गिरफ्तार किया है और उसकी 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विकास गर्ग महादेव सट्टा एप से हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये कमाता था। लेनदेन को लेकर सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर विवाद हुआ जिसके बाद ईडी ने कार्रवाई की।

कांग्रेस की कार्रवाई का हवाला
भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी सरकार ने छत्तीसगढ़ में महादेव एप के खिलाफ पहली कार्रवाई की थी। इस दौरान 72 से अधिक FIR दर्ज हुईं, 400 से ज्यादा लोग गिरफ्तार हुए, हजारों बैंक खाते सीज किए गए और सैकड़ों गैजेट्स, लैपटॉप जब्त किए गए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने गूगल को एप हटाने और गृह मंत्रालय को लुक आउट सर्कुलर जारी करने के लिए भी पत्र लिखा था।

केंद्र से 4 सवाल
बघेल ने केंद्र की भाजपा सरकार से 4 सवाल पूछे:

  1. महादेव सट्टा एप पर भारत सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? यह एप अब तक कैसे चल रहा है?
  2. नवनीत सहगल और हिरेन जोशी की जांच अभी तक क्यों नहीं हुई?
  3. ईडी इन अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंची?
  4. विदेशों में बैठे एप के ऑपरेटरों को सरकार वापस क्यों नहीं ला पाई?
    बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की कार्रवाई से भाजपा तिलमिला गई और उल्टा कांग्रेस पर ही आरोप लगाए।
    गौरतलब है कि ईडी ने हाल ही में महादेव सट्टा एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। भाजपा की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।