दुर्ग में वाणिज्यिक विवादों के निपटारे के लिए खुलेगा विशेष न्यायालय


मंत्री गजेंद्र यादव की पहल, समयबद्ध सुनवाई से व्यापारियों को मिलेगी राहत

दुर्ग। जिले के उद्यमियों और व्यापारियों को वाणिज्यिक विवादों में त्वरित न्याय मिलेगा। कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव की पहल पर दुर्ग में वाणिज्यिक विवादों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष न्यायालय की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विधि एवं विधायी कार्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक द्वितीय सिविल जज सीनियर डिवीजन दुर्ग के न्यायालय में होने वाली वाणिज्यिक मामलों की सुनवाई अब चतुर्थ सिविल जज सीनियर डिवीजन दुर्ग के न्यायालय में होगी।

वाणिज्यिक न्यायालय अधिनियम 2015 की धारा 3 के तहत उक्त न्यायालय को सिविल जज स्तर के विशेष वाणिज्यिक न्यायालय के रूप में नामित करने की अधिसूचना जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
इस निर्णय से जिले से जुड़े वाणिज्यिक विवादों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण हो सकेगा। न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आने से व्यापारियों को त्वरित राहत मिलेगी। साथ ही जिले के औद्योगिक और व्यावसायिक वातावरण को मजबूती मिलेगी और नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि विशेष न्यायालय की स्थापना से दुर्ग के उद्यमियों, व्यापारियों और उद्योगों को लंबित मामलों से मुक्ति मिलेगी और व्यवसाय करने में आसानी होगी।