पुलिस महानिदेशक ने किया दुर्ग पुलिस के मेगा मेडिकल कैम्प का शुभारंभ


843 पुलिसकर्मियों और परिवारजनों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

दुर्ग। दुर्ग पुलिस और “जन मित्र” के अंतर्गत मेघगंगा ग्रुप एवं स्पर्श अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नई पुलिस लाइन, थगड़ा बांध में एक दिवसीय मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने वृक्षारोपण और फीता काटकर किया।

22 विभागों के विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में जिला पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, नगर सेना, एसडीआरएफ, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों सहित कुल 843 हितग्राहियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श किया गया।

शिविर में 22 विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परामर्श दिया। NABL प्रमाणित लाइफ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण और विभिन्न सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं। पुलिस महानिदेशक ने शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य परीक्षण काउंटरों, पैथोलॉजी केंद्र और परामर्श कक्षों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता: डीजीपी
अपने उद्बोधन में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। ऐसे में उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण की दिशा में ऐसे शिविर अत्यंत उपयोगी हैं और भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि पुलिस की अनियमित दिनचर्या का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे शिविर गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान और स्वस्थ पुलिस बल के निर्माण में सहायक हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि व्यस्त कार्यशैली को देखते हुए यह कैम्प आयोजित किया गया। इसमें सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को भी शामिल किया गया ताकि उन्हें भी विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिल सके।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में डॉ. ए. पी. सावंत, डॉ. सुधीर गांगेय, डॉ. प्रीति गांगेय, डॉ. जोगेश चंद्र, डॉ. आदर्श त्रिवेदी, डॉ. रश्मि वर्मा, डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. अमरीश गर्ग, डॉ. मोनीदीपा साहा, डॉ. अभिषेक महोबिया, डॉ. तरुण ध्रुव, डॉ. तिलेश खुसरो, डॉ. रेखराज साहू, डॉ. ट्विंकल चंद्राकर, डॉ. रिद्धि अरोरा, डॉ. अभिजीत जैन, डॉ. नितिन कथुरिया, डॉ. चिराग अग्रवाल, डॉ. प्रांजल मेश्राम, डॉ. श्रुति सिंह एवं डॉ. बाला सुब्रमण्यम सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं।

अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत सिंह पैकरा, उप पुलिस अधीक्षक लाइन चंद्र प्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक IUCAW भारती मरकाम, उप पुलिस अधीक्षक आकर्षि कश्यप, नगर सेना सेनानी नागेन्द्र सिंह और रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

शिविर की सफलता में मेघगंगा ग्रुप, स्पर्श अस्पताल और लाइफ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर की टीमों का विशेष योगदान रहा।