17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट के लिए निकलेगी भव्य कांवर यात्रा


एक मुठ्ठी अन्नदान से बनेगा महाप्रसाद, आयोजन को लेकर बैठक में बनी रूपरेखा

पाटन। बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को रेस्ट हाउस में समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पाटन से टोलाघाट तक भव्य एवं विशाल कांवर यात्रा निकाली जाएगी।

आस्था और सेवा का प्रतीक है कांवर यात्रा
बैठक में यात्रा को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय स्वरूप देने के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस बार भी भगवान शंकर के नाम पर शिवभक्तों से प्राप्त एक मुठ्ठी अन्नदान से महाप्रसाद तैयार किया जाएगा।

संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। प्रत्येक वर्ष हजारों शिवभक्त “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए इस यात्रा में शामिल होते हैं। इस बार यात्रा पाटन के ओग्गर तालाब में विराजमान भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर टोलाघाट के लिए रवाना होगी।

सभी व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा
बैठक में यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पेयजल एवं भोजन व्यवस्था, विश्राम स्थल, यातायात समन्वय, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर दायित्व तय किए गए।

सभी से सहभागिता की अपील
बैठक के अंत में जितेन्द्र वर्मा ने पाटन क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारी बंधुओं और शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और सामूहिक सहभागिता का महापर्व है।

समिति ने सभी श्रद्धालुओं से 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक निकलने वाली इस भव्य कांवर यात्रा में सहभागी बनकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

बैठक में दिलीप साहू, योगेश भाले, कमलेश वर्मा, रानी केशव बंछोर, कमलेश चंद्राकर, धर्मेन्द्र सिन्हा, ज्योतिप्रकाश साहू, पी. एन. दुबे, राकेश पाण्डेय, निशा सोनी, उनिका वर्मा, रश्मि कुर्रे, किरण वर्मा, गीतेश्वरी सपहा, हेमलता पटेल, चंद्रिका साहू सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।