बीएसपी से संगठित स्क्रैप चोरी का भंडाफोड़


पुरानी भिलाई पुलिस की कार्रवाई, 2 और आरोपी गिरफ्तार, कुल 15 सलाखों के पीछे
3 करोड़ 22 लाख की संपत्ति जब्त, गिरोह पिछले 4-5 माह से कर रहा था चोरी

भिलाई। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट से संगठित रूप से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। मामले में 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही अब तक इस प्रकरण में कुल 15 आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी बीएसपी से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान योजनाबद्ध तरीके से लौह स्क्रैप की चोरी कर रहे थे और उसे अवैध रूप से बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहे थे।

कैसे हुआ खुलासा
26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट क्रमांक-18, एच.आई.ए. हथखोज में छापा मारा गया। यहां विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी मिली। साथ ही बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप अलग-अलग ढेरों में रखा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले 4-5 माह से बीएसपी का स्क्रैप चोरी कर इस गोदाम में जमा कर रहे थे। मौके से लगभग 250 टन लौह सामग्री जब्त की गई। स्क्रैप लोडिंग और परिवहन में इस्तेमाल हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा और 5 मशीनें भी सीज की गईं।

अब तक 15 गिरफ्तार, करोड़ों की जब्ती
विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर पूर्व में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
अब बीएसपी के दो अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता मिलने पर हिमांशु भूषण मलिक, 54 वर्ष, निवासी भिलाई और मनोज कुमार देवांगन, 58 वर्ष, निवासी रिसाली को गिरफ्तार किया गया।

प्रकरण में अब तक लगभग 90 लाख रुपये का लौह स्क्रैप और वाहनों सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. एमएमएस तीन के जीएम हिमांशु भूषण मलिक*, 54 वर्ष, निवासी भिलाई
  2. एजीएम मनोज कुमार देवांगन*, 58 वर्ष, निवासी रिसाली
    *पुलिस की अपील*
    दुर्ग पुलिस ने कहा कि संगठित चोरी और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

उक्त कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई की टीम और तकनीकी सहयोग देने वाले कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।