रायपुर पुलिस की नई पहल…


थाना गुढ़ियारी में शुरू हुई “ई-मालखाना” प्रणाली”
जप्त माल के प्रबंधन में अब तकनीक और पारदर्शिता

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी नॉर्थ ज़ोन अंतर्गत थाना गुढ़ियारी में जप्त माल के सुव्यवस्थित संधारण और पारदर्शी प्रबंधन के लिए रविवार को “ई-मालखाना” प्रणाली का शुभारंभ किया गया।
इस नवाचार प्रणाली का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने किया। यह प्रणाली थाना प्रभारी और मालखाना स्टाफ के संयुक्त प्रयासों से विकसित की गई है।

क्या है ई-मालखाना
शुभारंभ अवसर पर ई-मालखाना की कार्यप्रणाली का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इसमें जप्त सामग्रियों का डिजिटल पंजीयन, बारकोड आधारित पहचान, रैकवाइज संधारण और रिकॉर्ड ट्रैकिंग सिस्टम की जानकारी दी गई।
डेमो के दौरान डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कैसे होगी पारदर्शिता
प्रणाली लागू करने से पहले थाना गुढ़ियारी में रखे सभी जप्त माल का भौतिक सत्यापन कराया गया। इसके बाद मालखाने को रैकवाइज वैज्ञानिक तरीके से A1, A2, B1, B2 जैसी श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया। प्रत्येक सामग्री पर बारकोड लगाया गया और सॉफ्टवेयर पर डिजिटल एंट्री की गई।

अब जप्त वस्तुओं को जमा करना, निर्गत करना और खोजना पहले की तुलना में तेज और व्यवस्थित हो जाएगा। इस सिस्टम से जप्त माल की आवक-जावक, हैंडलिंग और रिकॉर्ड की डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी। इससे “चेन ऑफ कस्टडी” मजबूत होगी और हर सामान की लोकेशन व मूवमेंट पर निगरानी रखी जा सकेगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ेगी। क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में तकनीक के उपयोग की दिशा में थाना गुढ़ियारी का यह प्रयास अनुकरणीय है।