सरगुजा एकलव्य मामले पर CM सख्त, कलेक्टर को फोन कर दिए जांच के निर्देश


रायपुर। शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं के 40 किमी पैदल कलेक्टोरेट निकलने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है।

मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और नाराजगी जताई। कहा कि बच्चियों को अपनी बुनियादी समस्याओं के लिए पैदल निकलना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है।

CM ने पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की बिजली, पढ़ाई, मेस, साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी अंचलों के आवासीय विद्यालयों में बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार संसाधन दे रही है, उनका लाभ बच्चों तक पहुंचाना मैदानी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए नियमित समीक्षा और सतत निरीक्षण के निर्देश दिए।