डॉ. तीजन बाई के सम्मान में गनियारी स्कूल का नामकरण


शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, अंतिम संस्कार में हुए शामिल

रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्मविभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वे आज डॉ. तीजन बाई के गृहग्राम गनियारी स्थित निवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद अंतिम यात्रा में शामिल होकर दाह संस्कार तक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि डॉ. तीजन बाई के गृहग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का नामकरण अब “डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी” के नाम से किया जाएगा।

मंत्री यादव ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना और ओजस्वी वाणी से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई। उनका निधन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना के एक स्वर्णिम अध्याय का अवसान है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का पूरा जीवन लोकपरंपराओं और कला के संरक्षण को समर्पित रहा। उनकी साधना, संघर्ष और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। राज्य सरकार का यह निर्णय महान लोककलाकार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिससे भावी पीढ़ियां उनके व्यक्तित्व और सांस्कृतिक योगदान से प्रेरणा ले सकेंगी।