अमीन पप्पू रवानी बने सिटी प्रेस क्लब बेमेतरा के नए अध्यक्ष रोमांचक मुकाबले में हासिल की जीत


पत्रकारों ने फूल-मालाओं व आतिशबाजी से किया गया स्वागत

बेमेतरा। सिटी प्रेस क्लब बेमेतरा के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में पत्रकार अमीन पप्पू रवानी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए क्लब की कमान संभाल ली है। स्थानीय विश्राम गृह में लोकतांत्रिक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए चुनाव में पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। चुनाव परिणाम घोषित होते ही पत्रकारों में खुशी की लहर दौड़ गई और नव निर्वाचित अध्यक्ष का फूल-मालाओं, मिठाई वितरण तथा आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।

सिटी प्रेस क्लब के इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए वरिष्ठ पत्रकार महेश दुबे को निर्वाचन अधिकारी तथा आशीष कांटले को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई गई, जिसकी पत्रकार समुदाय ने सराहना की। अध्यक्ष पद के लिए प्रारंभिक दौर में चार पत्रकारों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें अनिल त्रिपाठी, आनंद साहू, किशोर तिवारी और अमीन पप्पू रवानी शामिल थे। नामांकन वापसी की अंतिम प्रक्रिया में अनिल त्रिपाठी और आनंद साहू ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद वरिष्ठ पत्रकार किशोर तिवारी और अमीन पप्पू रवानी के बीच रह गया। दोनों प्रत्याशियों के बीच हुए चुनाव को लेकर पत्रकारों में उत्सुकता बनी रही।

मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया। निर्वाचन अधिकारी महेशदुबे ने मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया। मतगणना में अमीन पप्पू रवानी को 11 मत प्राप्त हुए, जिसके साथ उन्होंने अध्यक्ष पद पर विजय हासिल कर ली। परिणाम सामने आते ही उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें बधाई दी और संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की । चुनाव परिणाम के बाद विश्राम गृह परिसर उत्सव स्थल में तब्दील हो गया। पत्रकार साथियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की तथा संगठन की एक जुटता और मजबूती का संदेश दिया।

=नई कार्यकारिणी का गठन, कई पत्रकारों को मिली जिम्मेदारी

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अमीन पप्पू रवानी ने वरिष्ठ पत्रकारों एवं साथियों की सहमति से नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई टीम में आनंद साहू को उपाध्यक्ष, योगेश राजपूत को सचिव, आशीष कांटले को कोषाध्यक्ष तथा ताम्रध्वज साहू को सहसचिव नियुक्त किया गया। वहीं ममता सहित अन्य पत्रकारों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही क्लब को अधिक सक्रिय, संगठित और प्रभावशाली बनाने की दिशा में कार्य शुरू करने की बात कही गई।

=पत्रकार हित सर्वोच्च प्राथमिकता : अमीन पप्पू रवानी

अध्यक्ष पद संभालने के बाद अमीन पप्पू रवानी ने सभी पत्रकार साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सिटी प्रेस क्लब की एकता, लोकतांत्रिक परंपरा और पत्रकार समाज के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। क्लब के प्रत्येक सदस्य को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने, युवा एवं वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों का समन्वय करने तथा पत्रकारिता के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

=नई टीम से बढ़ीं उम्मीदें, वरिष्ठ पत्रकारों ने दी शुभकामनाएं

चुनाव प्रक्रिया के सफल समापन के बाद निर्वाचन अधिकारी महेश दुबे एवं निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश दुबे ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पूरी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिटी प्रेस क्लब बेमेतरा लंबे समय से पत्रकारों की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त मंच रहा है। नई टीम संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। चुनाव के दौरान वरिष्ठ पत्रकार दिनेश दत्त दुबे, मैडी धीवर, अमित, खिलेश कुमार, अरुण सोनी, अनीश मेमन, सतीश नामदेव सहित बड़ी संख्या में सिटी प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।