मलैदा में आवास हितग्राहियों को विक्रांत ने सौपीं चाबी


खैरागढ़ : खैरागढ़ ब्लॉक अंतर्गत वनांचल क्षेत्र के ग्राम मलैदा में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को पक्के मकानों की चाबी वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।।

ग्राम मलैदा पहुंचने पर विक्रांत सिंह का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से आत्मीय स्वागत किया।। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित पक्के मकानों की चाबी मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से उन्हें पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है।।उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस योजना की गति थम गई थी, जिसके कारण कई वर्षों तक आवास निर्माण कार्य प्रभावित रहा।। उन्होंने आगे कहा कि जनता के जनादेश से भाजपा सरकार बनने के बाद मोदी की गारंटी के तहत 18 लाख लंबित ग्रामीण आवासों को स्वीकृति दी गई, जिससे अब गरीब परिवारों को तेजी से आवास मिल रहा है।।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है और यही कारण है,कि सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है तथा अंतर की राशि भी एकमुश्त किसानों को दी जा रही है।।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को लेकर विक्रांत सिंह ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी हम सभी को उठानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।।