वरिष्ठजन कल्याण महासंघ ने समाज कल्याण उपसंचालक एपी गौतम से की भेंट, वरिष्ठजनों की भूमिका पर चर्चा


भिलाई। वरिष्ठजन कल्याण महासंघ के पदाधिकारियों ने समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक एपी गौतम से उनके कार्यालय में भेंट कर समाज कल्याण में वरिष्ठजनों की भूमिका पर चर्चा की।

महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने बताया कि संस्था द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के साथ ही महिलाओं, युवाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए काम किया जा रहा है, ताकि पीढ़ियों के बीच की दूरी मिट सके। महासंघ द्वारा नशामुक्ति अभियान, साइबर फ्रॉड जागरूकता, स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंदों को सहयोग, सामूहिक जन्मोत्सव, सम्मान समारोह और साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का अनुरोध भी किया।

उपसंचालक एपी गौतम ने महासंघ के कार्यों को सराहनीय बताते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग का आग्रह किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता और धानेश्वर कुमार निर्मल उपस्थित रहे।