SAIL ने बनाया रिकॉर्ड, अगस्त में बिक्री 13% बढ़ी, उधारी 870 करोड़ घटी


नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने अगस्त 2026 में उत्पादन और बिक्री दोनों मोर्चों पर मजबूत प्रदर्शन किया है। कंपनी ने हॉट मेटल, क्रूड स्टील और सेलेबल स्टील का अब तक का सर्वश्रेष्ठ अगस्त उत्पादन दर्ज किया है।

कंपनी के आंकड़ों के अनुसार अगस्त में क्रूड स्टील उत्पादन 8 प्रतिशत बढ़कर 1.68 मिलियन टन हो गया, जो पिछले साल 1.55 मिलियन टन था। हॉट मेटल उत्पादन 9 प्रतिशत बढ़कर 1.78 मिलियन टन और सेलेबल स्टील उत्पादन 1 प्रतिशत बढ़कर 1.69 मिलियन टन रहा।

बिक्री के मोर्चे पर SAIL ने 1.871 मिलियन टन की बिक्री की, जो पिछले साल की 1.654 मिलियन टन से 13 प्रतिशत अधिक है। टियर-1 और टियर-2 रिटेल चैनलों में जोरदार मांग देखी गई। कैश कलेक्शन में 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और इन्वेंट्री में भी बड़ी कमी आई है। कोल्ड रोल्ड, गैल्वेनाइज्ड और अलॉय स्टील जैसे वैल्यू एडेड प्रोडक्ट्स की अब तक की सबसे ज्यादा अगस्त बिक्री हुई।

भारतीय रेलवे को रेल आपूर्ति भी 5 प्रतिशत बढ़कर 1.23 लाख टन हो गई, जिसमें लॉन्ग रेल्स की आपूर्ति 11 प्रतिशत बढ़कर 1.12 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची।

वित्तीय स्थिति मजबूत
कंपनी ने 31 मार्च 2026 के मुकाबले अपनी उधारी 870 करोड़ रुपए घटा दी है, जिससे वित्तीय स्थिति और मजबूत हुई है। अप्रैल-अगस्त 2026 की अवधि में कुल बिक्री 5.6 प्रतिशत बढ़कर 7.71 मिलियन टन रही।

SAIL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. ए.के. पंडा ने कहा कि रिकॉर्ड उत्पादन, बिक्री में तेजी और अनुशासित वित्तीय प्रबंधन कंपनी के मजबूत होते आधार को दर्शाता है। बाजार में अच्छी मांग और विस्तार परियोजनाओं के चलते SAIL भारत की स्टील खपत की कहानी में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार है।