हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

दुर्ग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रफ़ी फ़ाउंडेशन, दुर्ग द्वारा “दुर्ग शहर की आवाज़” के अंतर्गत पुराना बस स्टैंड पर भव्य देशभक्ति एवं संगीत संध्या का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक संगीत प्रेमियों को बांधे रहा।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त स्थान पर हुए इस आयोजन को सुनकर राहगीर अपने वाहन रोककर रुक गए। देखते ही देखते भीड़ जुट गई और पूरा माहौल देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
मुख्य अतिथियों ने की सराहना
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त वरिष्ठ सैन्य अधिकारी हरप्रीत सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं जन भागीदारी समिति अध्यक्ष प्रीति साहू और समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा उपस्थित थे। सभी ने रफ़ी फ़ाउंडेशन की इस पहल की सराहना की।
शहर के कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
संगीत संध्या में संजय लारोकर, गीता सिंह, अलख नवरंग, संजय घाटे, तृप्ति साहू, आफताब आलम, वत्सला साहू, प्रकाश सोनी, सत्या सोनी, साधना कुलदीप, ऋतु कसेर और संदीप वाघमारे ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
देशभक्ति गीतों में “कर चले हम फ़िदा”, “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “संदेश आते हैं”, “देखो वीर जवानों”, “वंदे मातरम्” और छत्तीसगढ़ का राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” विशेष आकर्षण रहे। इसके साथ “दिल के चैन”, “आया सावन झूम के”, “जानेमन जानेमन” जैसे सदाबहार हिंदी गीतों पर दर्शकों ने तालियां बजाईं।
गीता सिंह के संचालन ने जोड़ा समां
कार्यक्रम का कुशल संचालन रफ़ी फ़ाउंडेशन की सचिव गीता सिंह ने किया। उन्होंने हर प्रस्तुति को खूबसूरती से जोड़ा और स्वयं भी गायन किया। उनके ऊर्जावान संचालन और मधुर आवाज ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
संगीत से दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
रफ़ी फ़ाउंडेशन के अध्यक्ष संजय लारोकर ने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन नहीं था, बल्कि संगीत के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और वीर जवानों को नमन करने का माध्यम बना। आम नागरिकों और राहगीरों की सहभागिता ने साबित किया कि अच्छा संगीत सीधे दिलों तक पहुंचता है।
कार्यक्रम के अंत में रफ़ी फ़ाउंडेशन ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों और दुर्गवासियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन निरंतर करने का संकल्प लिया।