जल संकट और बिजली कटौती पर भड़के विधायक देवेंद्र यादव, अधिकारियों को लगाई फटकार


बोले- जनता को परेशान किया तो बर्दाश्त नहीं, तत्काल करें समाधान

भिलाई: भीषण गर्मी के बीच जल संकट और अघोषित बिजली कटौती पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने नाराजगी जताई। सेक्टर-5 स्थित कार्यालय में शनिवार को जनभेंट-मुलाकात के दौरान उन्होंने निगम और बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाते हुए कहा कि जनता को परेशान किया तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

50 से अधिक लोगों ने की जल संकट की शिकायत
जनभेंट में सबसे ज्यादा शिकायतें पानी को लेकर आईं। खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र से पहुंचे करीब 50 से अधिक महिला-पुरुषों ने बताया कि इलाके में पेयजल की भारी किल्लत है। नई पानी टंकी का निर्माण कार्य ठेकेदार की लापरवाही से अधूरा है। टंकी अब तक शुरू हो जानी थी, लेकिन देरी के कारण लोग पानी के लिए भटक रहे हैं।

इस पर विधायक ने निगम जोन-4 के अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में तत्काल टैंकरों से नियमित पानी पहुंचाया जाए और जरूरत के अनुसार पाइप लाइन का विस्तार हो। उन्होंने कहा कि गर्मी में जनता को पानी के लिए परेशान होना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं है।

बिना सूचना बिजली कटौती पर नाराजगी
वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के कोहका और कुरूद से आए लोगों ने अघोषित बिजली कटौती की शिकायत की। लोगों ने कहा कि बिजली कंपनी बिना सूचना के बिजली बंद कर देती है। इससे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गर्मी में बेहद परेशान हैं। कई बार शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ। विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को अनावश्यक कटौती बंद करने और व्यवस्था सुधारने को कहा।

राशन कार्ड से लेकर महतारी वंदन तक की समस्याएं
जनभेंट में बड़ी संख्या में लोग राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, सहायता राशि, स्कूलों में बच्चों के प्रवेश और महतारी वंदन योजना से जुड़ी समस्याएं लेकर भी पहुंचे। विधायक देवेंद्र यादव ने सभी मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

विधायक ने कहा कि जनता की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता है। अधिकारी जनता की परेशानी को गंभीरता से लें और समय पर काम करें। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।