ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी पर रीजनल कार्यशाला करेगा IIIE भिलाई चैप्टर


भिलाई। इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (IIIE) भिलाई चैप्टर ने ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी पर भिलाई में रीजनल कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया है।

रविवार को सूर्या मॉल के निकट ICH में हुई चैप्टर काउंसिल की बैठक में यह फैसला लिया गया। अध्यक्षता चेयरमैन के. पटेल ने की। बैठक में वाइस चेयरमैन घनश्याम कुमार देवांगन, सचिव अवनीश दुबे, कोषाध्यक्ष विवेक गुप्ता, पूर्व चेयरमैन एचके देसाई, एसके डोगरा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण और सतत औद्योगिक विकास के लिए ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी भविष्य की जरूरत है। कार्यशाला में इंजीनियरिंग कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।

वाइस चेयरमैन घनश्याम देवांगन ने बताया कि छात्र-केंद्रित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्कूल-कॉलेजों में सेमिनार, कार्यशाला और प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसमें विजेताओं को पुस्तकें उपहार में दी जाएंगी।

इसके अलावा इंजीनियरों को शोध-पत्र लिखने, जर्नल्स में प्रकाशन के लिए प्रोत्साहित करने, बालोद सहित आसपास के जिलों में तकनीकी गतिविधियां बढ़ाने और डिजिटल उपस्थिति मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ विशाल सिंह के सहयोग से कार्ययोजना तैयार की जाएगी।