IIIE भिलाई ने मनाया हिंदी दिवस और अभियंता दिवस, दिवंगत इंजीनियर दयानंद हरिरमानी लाइफटाइम अचीवमेंट से सम्मानित


भिलाई। इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (IIIE) भिलाई चैप्टर द्वारा हिंदी दिवस एवं अभियंता दिवस के अवसर पर भिलाई निवास कॉफी हाउस सभागार में रविवार को संयुक्त समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. परदेशीराम वर्मा, विशिष्ट अतिथि वाइस चेयरमैन घनश्याम कुमार देवांगन, एक्स चेयरमैन एचके देसाई, एसके डोगरा थे। अध्यक्षता चेयरमैन के. पटेल ने की।

समारोह में इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में विशिष्ट योगदान के लिए दिवंगत इंजीनियर स्व. दयानंद हरिरमानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी पोर्शा हरिरमानी ने सम्मान ग्रहण किया। साथ ही उनकी स्मृति में दयानंद हरिरमानी मेमोरियल लेक्चर आयोजित करने की घोषणा की गई।

मुख्य अतिथि डॉ. परदेशीराम वर्मा ने कहा कि हिंदी की लोकप्रियता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है। इसे तकनीकी और औद्योगिक भाषा के रूप में विकसित करने से इसकी महत्ता और बढ़ेगी।

वाइस चेयरमैन घनश्याम कुमार देवांगन ने “तकनीकी एवं औद्योगिक विकास में हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी की भूमिका” विषय पर कहा कि हिंदी और छत्तीसगढ़ी सहित जनभाषा का उपयोग तकनीकी विकास को अधिक गतिशील और सुरक्षित बनाता है।

चेयरमैन के. पटेल ने पोमोडोरो तकनीक पर वक्तव्य दिया। कार्यक्रम का संचालन सेक्रेटरी अवनीश दुबे और आभार प्रदर्शन ट्रेजरर विवेक गुप्ता ने किया।