भिलाई निगम में ₹44 लाख की फर्जी DPR: बिना जमीन के बना दिया प्राक्कलन


AAP ने कलेक्टर से FIR की मांग, मिलावट पारा-खुर्सीपार मार्ग में घटिया निर्माण का आरोप

दुर्ग/भिलाई: भिलाई नगर निगम में एक और बड़े भ्रष्टाचार का आरोप सामने आया है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने खुर्सीपार क्षेत्र में ‘नगर उत्थान योजना’ के तहत बन रही सड़क में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा करते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंपी है। आरोप है कि बिना जमीन उपलब्धता के ₹44 लाख की फर्जी DPR बना दी गई और निर्माण में तकनीकी मापदंडों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

घटिया मिश्रण, आदेश की अवहेलना
जसप्रीत सिंह ने बताया कि मिलावट पारा से खुर्सीपार तक 900 मीटर मार्ग के लिए भारी वाहनों को देखते हुए M-10 ग्रेड, यानी 1:3:6 अनुपात का कंक्रीट मिश्रण अनिवार्य था। लेकिन ठेकेदार द्वारा बेहद कमजोर 1:5:9 अनुपात का मिश्रण इस्तेमाल किया जा रहा है।

मिलावट पारा गार्डन से ठाकुर गोदाम तक सड़क चौड़ीकरण में तय गहराई से कम खुदाई पकड़ी गई थी। निगम प्रशासन ने 30 मीटर बेस उखाड़कर दोबारा गहराई से खोदने का लिखित आदेश दिया था। आरोप है कि ठेका एजेंसी ने आदेश को ठंडे बस्ते में डाल दिया और बिना बेस सुधारे काम जारी रखा।

बिजली के खंभे, फिर भी चौड़ीकरण का प्राक्कलन
शिकायत के अनुसार मार्ग को दोनों ओर 2-2 मीटर चौड़ा करना प्रस्तावित है। लेकिन मौके पर सड़क किनारे बिजली के खंभे और स्थायी ढांचे मौजूद हैं, जिससे चौड़ीकरण के लिए जगह ही नहीं है। इसके बावजूद बिना भौतिक सत्यापन के कागजों पर ₹44 लाख की DPR तैयार कर स्वीकृत करा ली गई। इसे सोची-समझी वित्तीय साजिश बताया गया है।

कैनाल रोड-एमपी रोड घोटालों की फाइलें खोलने की मांग
AAP ने कहा कि भिलाई निगम में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कैनाल रोड और एम.पी. रोड के सौंदर्यीकरण में भी करोड़ों का भ्रष्टाचार हो चुका है। निष्पक्ष जांच न होने से भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि जोन-4 के जिम्मेदार तकनीकी अधिकारी निर्माण स्थल पर मौजूद नहीं रहते।

AAP की प्रमुख मांगें

  1. जिला प्रशासन के नेतृत्व में स्वतंत्र उच्च स्तरीय तकनीकी जांच समिति गठित की जाए।
  2. बिना साइट मुआयना ₹44 लाख की फर्जी DPR बनाने वाले इंजीनियरों, सब-इंजीनियरों और ठेका एजेंसी पर FIR दर्ज हो।
  3. घटिया काम करने वाली एजेंसी का भुगतान तुरंत रोका जाए।
  4. कैनाल रोड और एम.पी. रोड सौंदर्यीकरण की फाइलें दोबारा खोलकर सघन वित्तीय ऑडिट कराया जाए।

जसप्रीत सिंह ने चेतावनी दी कि त्वरित और दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।