तर्रीघाट हाई स्कूल पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विद्यार्थियों से किया संवाद


दुर्ग/ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव आज दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम तर्रीघाट स्थित शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया।

मंत्री ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचि और पसंदीदा विषयों पर बात की और नियमित स्कूल आने, अनुशासन बनाए रखने और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रार्थना स्थल पर डोमशेड निर्माण और विज्ञान कक्षा के लिए सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी। मंत्री ने मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, प्रत्येक विद्यार्थी की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और पाठ्यक्रम समय पर पूरा करें। उन्होंने खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण और सर्वसुलभ शिक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है।