दुर्ग पुलिस ने ₹45 लाख की 5480 लीटर अवैध शराब का किया नष्टीकरण


112 प्रकरणों में जप्त अनुपयुक्त शराब का न्यायालयीन आदेश पर जामुल थाने में वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण

दुर्ग। दुर्ग जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ₹45 लाख की अनुमानित कीमत की 5480.082 बल्क लीटर अवैध शराब का विधिवत नष्टीकरण किया। यह शराब आबकारी अधिनियम के 112 प्रकरणों में जप्त की गई थी और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई थी।

नष्टीकरण की कार्रवाई 04 अगस्त 2026 को थाना जामुल परिसर में कलेक्टर द्वारा गठित नष्टीकरण समिति की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बदबू से हो रही थी परेशानी, इसलिए लिया गया फैसला
पुलिस के अनुसार थानों में लंबे समय से रखी इस अवैध शराब से निकलने वाली बदबू के कारण थाने आने वाले आमजनों को भारी परेशानी हो रही थी। न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करने का निर्णय लिया गया।

ऐसे हुआ नष्टीकरण
कलेक्टर महोदय द्वारा गठित समिति के समक्ष जप्त मदिरा को प्रस्तुत कर परीक्षण एवं अनुमोदन के बाद वैज्ञानिक एवं सुरक्षित प्रक्रिया से नष्ट किया गया।

इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, थाना प्रभारी जामुल, नायब तहसीलदार, आबकारी उपनिरीक्षक सहित पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए की गई।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना, जप्त सामग्री का सुरक्षित निस्तारण करना और उक्त शराब के पुनः अवैध उपयोग की किसी भी संभावना को समाप्त करना है।

मुख्य तथ्य

  • कुल प्रकरण: 112
  • कुल जप्त शराब: 5480.082 बल्क लीटर
  • अनुमानित बाजार मूल्य: लगभग ₹45 लाख
  • स्थान: थाना जामुल परिसर

दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण या बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को दें। समाज को नशामुक्त और सुरक्षित रखने में नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है। सूचना मिलने पर दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।