स्मार्ट मीटर और बढ़े बिलों के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन


जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में तोड़े स्मार्ट मीटर, जलाए बिजली बिल

भिलाई। जबरन स्मार्ट मीटर लगाने और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने शुक्रवार को अंबेडकर चौक, पावर हाउस में विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दर्जन भर स्मार्ट मीटर तोड़ दिए और बिजली बिलों में आग लगा दी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर शाम 4:30 बजे अंबेडकर चौक पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई।

स्मार्ट मीटर तोड़े, बिल जलाए
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ दर्जन भर से अधिक स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल लेकर पहुंचे थे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जमीन पर पटककर स्मार्ट मीटर तोड़ दिए और बिजली बिलों को आग के हवाले कर दिया।

बाद में प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया और ज्ञापन सौंपा। अधीक्षण यंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

जबरन मीटर थोपे जा रहे: मुकेश चंद्राकर
जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि बिना जानकारी और सहमति के जबरन मीटर बदले जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों के बिजली बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं, जिससे आम और गरीब परिवार आर्थिक संकट में हैं। पुराने मीटरों की तुलना में बिल बहुत अधिक आ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो कांग्रेस और उग्र आंदोलन करेगी।

इनकी रही उपस्थिति
प्रदर्शन में निगम सभापति गिरवर बंटी साहू, नीता लोधी, बृजमोहन सिंह, नरसिंह नाथ, जी राजू, दिनेश पटेल, लालचंद वर्मा, डी कामराजू, नंद कुमार कश्यप, शमशेर सिद्दीकी, हेमंत बंजारे, इंजीनियर सलमान, अमित सिंह, जागेश्वरी साहू, मनीष शुक्ला, विष्णु बारले, अनीशा बघेल, पिंकी वर्मा, आरती देवी, संजय साहू, प्रभाकर जनवंधु सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।