‘प्रेस से मिलिए’ बना प्रेस-प्रशासन संवाद का सशक्त मंच


कलेक्टर व एसएसपी ने साझा किए अनुभव, पत्रकारों के सवालों के दिए जवाब

भिलाई। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा शनिवार को सुपेला स्थित प्रेस क्लब भवन में ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने जिले में अपने अब तक के अनुभव साझा किए और कानून व्यवस्था व प्रशासनिक ढांचे पर खुलकर चर्चा की। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कार्यक्रम प्रेस-प्रशासन संवाद का मजबूत मंच साबित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता व महासचिव दिलीप शर्मा ने कलेक्टर व एसएसपी का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। स्वागत संबोधन में अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने क्लब की गतिविधियों की जानकारी दी और क्लब के संधारण के लिए कलेक्टर के समक्ष मांग रखी। महासचिव दिलीप शर्मा ने प्रेस क्लब की सामाजिक, रचनात्मक गतिविधियों, पत्रकार कल्याण योजनाओं और भावी कार्ययोजनाओं से अवगत कराया।

‘दुर्ग की पुलिसिंग बड़ी चुनौती’: एसएसपी
एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग जिले में तीन अलग-अलग क्षेत्र हैं। भिलाई टाउनशिप, पटरी पार का क्षेत्र और दुर्ग शहर। इसके अलावा बड़ा देहात क्षेत्र भी है। 25 लाख से अधिक की आबादी के लिए दो हजार से कुछ अधिक का पुलिस बल काम कर रहा है। इतने कम बल के साथ पूरे जिले की कानून व्यवस्था संभालना बड़ी चुनौती है। उन्होंने अपने कार्यकाल के कुछ अनुभव भी साझा किए।

कलेक्टर ने सराही पत्रकारों की भूमिका
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए शहर और जिले के विकास में पत्रकारों की सकारात्मक भूमिका की सराहना की। उन्होंने प्रशासन-मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। कलेक्टर ने बताया कि 2012 में आईएएस में चयन के बाद केंद्र सरकार के अधीन कार्य किया। दुर्ग कलेक्टर के रूप में कार्य करना सुखद अनुभव रहा। जिले की भौगोलिक स्थिति व मांग के अनुसार प्रशासन चलाना चुनौतीपूर्ण है।

कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब की ओर से दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौहान, उपाध्यक्ष जय प्रकाश आर्य, रघुनंदन पंडा, सचिव गौकरण निषाद, जोगिंदर सिंह, कार्यालय सचिव मोहन राव, सह सचिव भोपाल देवांगन सहित कार्यकारिणी सदस्य सर्वेश सिंह, पी मोहन, सोनू यादव, योगेश वर्मा व सुरेन्द्र ठाकुर ने अतिथियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में टी सूर्या राव, अरविंद सिंह, राजेंद्र सोनबोईर, बीडी निजामी, राजेंद्र गोस्वामी, अशोक पंडा, सुधीर सिंह, संदीप उपाध्याय, आर एन रामाराव, रत्नाकर अल्वा, रमेश गुप्ता, कोमल धनेसर, राजेश अग्रवाल, डीके साहू, आनंद ओझा, हरप्रीत भाटिया, रमेश भगत, कमल शर्मा, मोहम्मद फारूक, प्रशांत सरकार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।