भिलाई निगम: महापौर परिषद की बैठक में 14 विषयों पर चर्चा, 9 प्रस्तावों को मंजूरी


केनाल रोड के 3 चौकों के नामकरण, सुरक्षा गार्ड भुगतान और स्ट्रीट लाइट संधारण को स्वीकृति

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और निगम आयुक्त सुरूचि सिंह, IAS की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 14 महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर 9 प्रस्तावों को स्वीकृति और अनुशंसा प्रदान की गई।

प्रमुख निर्णय

  1. चौकों का नामकरण: केनाल रोड के तिराहों और चौराहों के नाम तय किए गए।
    केनाल रोड जीरो पॉइंट का नाम गणेश तिराहा चौक, क्रांति मार्केट चौक का नाम शहीद भगत सिंह चौक और जीई रोड से श्रीराम चौक जाने वाले चौक का नाम बोलबम चौक रखा गया।
  2. सुरक्षा व्यवस्था: निगम की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड व्यवस्था के दो माह के देयक भुगतान और संबंधित वित्तीय-प्रशासकीय स्वीकृति को मंजूरी मिली।
  3. अन्य प्रस्ताव:
  • डोर-टू-डोर राजस्व कर वसूली काउंटरों का किराया निर्धारण
  • खुर्सीपार स्थित पूर्व निर्मित स्टेडियम एवं दुकानों के तकनीकी संधारण कार्य के लिए अनापत्ति
  • आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति हेतु अंतिम योग्यता सूची
  • वार्ड 69 एवं 70 में सीवरेज लाइन कार्य के लिए सिविल अनुभवी एजेंसी को शामिल करने की स्वीकृति
  • लीज नवीनीकरण वाले भवनों के लिए भवन अनुज्ञा 30 सितंबर 2026 तक अनिवार्य। इस अवधि में अनुज्ञा लेने वाले भू-स्वामियों को निर्माण अवधि 2 वर्ष दी जाएगी।

टेंडर और रखरखाव
नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं देने के उद्देश्य से निगम क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों के वार्षिक संचालन एवं संधारण कार्य को जोनवार निविदा के लिए पुनः निविदा निकालने का निर्णय लिया गया।
इसी तरह वार्ड 70 में नवनिर्मित मंगल भवन के चारों ओर गार्डन सौंदर्यीकरण एवं पार्किंग निर्माण कार्य के लिए भी पुनः निविदा की जाएगी। खुर्सीपार स्टेडियम एवं दुकानों को सलाहकार समिति में रखने पर भी सहमति बनी।

बैठक में उपस्थित रहे: महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, एकांश बंछोर, आदित्य सिंह, साकेत चंद्राकर, चंद्रशेखर गंवई, मन्नान गफ्फार खान, लालचंद वर्मा, मालती ठाकुर, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू।
अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त नरेन्द्र कुमार बंजारे, दिनेश कोसरिया, जोन आयुक्त येशा लहरे, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।