केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग में विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, करोड़ों की करोड़ों की राशि से सुदृढ़ होगा शहर का आधार


दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 44 में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचे शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्गवासियों को विकास कार्यों की सौगात दिए। यह भूमिपूजन दुर्ग शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर आवागमन, सामाजिक सुविधाएं और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। इन विकास कार्यों से न केवल वार्ड 44 बल्कि आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 44 में ₹115.76 लाख की लागत से प्रमुख सड़कों का डामरीकरण किया जाएगा। लंबे समय से खराब सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही असुविधा अब दूर होगी तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनेगी। बेहतर सड़क निर्माण से समय की बचत, दुर्घटनाओं में कमी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

  • इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन —
  • ईरानी डेरा महाराजा चौक से (1.88 किलोमीटर)
  • दुर्ग टेम्पो स्टैंड से पोटिया रोड तक (3 किलोमीटर)
  • पोलिटेक्निक कॉलेज परिसर में (1.20 किलोमीटर)

इसके साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ₹28 लाख की लागत से सतनाम भवन एवं जैतखाम के जीर्णोद्धार तथा मंच निर्माण का भूमिपूजन किया गया। यह भवन क्षेत्र के नागरिकों के लिए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का सशक्त केंद्र बनेगा।

वार्ड क्रमांक 44 में ₹19.30 लाख की लागत से नए सतनाम भवन तथा ₹9.94 लाख की लागत से सतनाम भवन अहाता निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया। भवन एवं अहाता निर्माण से समाजिक आयोजनों के लिए समुचित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे नागरिकों को निजी स्तर पर होने वाले खर्च से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्राथमिकता देते हुए इन विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के सुशासन में दुर्ग शहर में विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहे हैं। सड़क, भवन और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार दुर्ग को एक आधुनिक, सुदृढ़ और सुविधाजनक शहर बनाने की दिशा में मजबूत नींव रख रहा है।

भूमिपूजन में महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, वार्ड पार्षद मनीष कोठारी, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा की टीम एवं बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।