दुर्ग में पोषण माह और सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यशाला, अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचाने का संकल्प


दुर्ग। जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे के मार्गदर्शन में एकीकृत बाल विकास परियोजना दुर्ग ग्रामीण द्वारा पोषण अभियान के तहत पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान की कार्यशाला प्रेरणा सभाकक्ष दुर्ग में आयोजित हुई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, विकसित भारत 2047 का संकल्प लेना और जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में चलने वाले ‘आंगन मिलन’ अभियान की रूपरेखा बताई और निर्देश दिए कि 0 से 10 वर्ष की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि खाते खोले जाएं तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सभी पात्र हितग्राहियों के आवेदन अनिवार्य रूप से भरे जाएं।

भिलाई महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक ने महिलाओं से कार्यक्रम को सफल बनाने और विकास का दिया जलाने की अपील की। परियोजना अधिकारी उषा झा ने बताया कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पौष्टिक थाली का प्रदर्शन, जनसहभागिता से न्योता भोज, महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और पारंपरिक व्यंजनों को पौष्टिक बनाने की विधि का प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम में पर्यवेक्षक प्रमिला वर्मा, ममता साहू, तृप्ति शर्मा, कंचन गौतम, सोनल सोनी सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।