अहिंसा के पर्व पर हिंसा और नशे का कारोबार क्यों? मांस-मदिरा दुकानें बंद करने आकाश जैन ने उठाई आवाज


तुमड़ीबोड़। जैन धर्म के महान पर्व क्षमा पर्व (संवत्सरी) एवं गणेश विसर्जन के पावन अवसर पर मांस एवं शराब की दुकानों को पूर्णतः बंद रखने की मांग कांग्रेस नेता आकाश जैन ने छत्तीसगढ़ सरकार से की है।

आकाश जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने पूरी मानवता को अहिंसा, जीव दया, करुणा और क्षमा का महान संदेश दिया है। ऐसे पावन पर्व के दिन मांस और शराब की बिक्री जारी रहना धार्मिक भावनाओं के अनुरूप नहीं है। सरकार को समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए इन दिनों मांस एवं मदिरा की दुकानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा के संदेश को केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि सरकार के फैसलों में भी यह भावना दिखाई देनी चाहिए। क्षमा पर्व हमें सभी जीवों के प्रति दया, प्रेम, करुणा और क्षमा का भाव रखने की प्रेरणा देता है।

कांग्रेस नेता आकाश जैन ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार से मांग की कि क्षमा पर्व एवं गणेश विसर्जन के दिन प्रदेश में सभी मांस एवं शराब की दुकानें पूर्णतः बंद रखने का आदेश जारी किया जाए।

साथ ही उन्होंने क्षमा पर्व के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित करने की भी मांग की, ताकि जैन समाज सहित सभी लोग इस पावन पर्व को श्रद्धा, संयम और धार्मिक भावनाओं के साथ मना सकें।