भिलाई में शिवमहापुराण कथा स्थल पर 7 संदिग्ध महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई


सुरक्षा कारणों से भिलाई नगर पुलिस ने BNSS की धारा 170 के तहत की कार्रवाई

दुर्ग। जयंती स्टेडियम सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत भिलाई नगर पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रही 7 महिलाओं के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

दिनांक 17 अगस्त 2026 को कथा के पहले ही दिन पुलिस को कुछ महिलाएं पंडाल में संदिग्ध रूप से घूमती हुई दिखाई दीं। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने सभी से पूछताछ की। पूछताछ में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सभी 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाया गया।

किस धारा में हुई कार्रवाई
पुलिस ने सभी महिलाओं के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तथा उनकी पहचान संबंधी प्रक्रिया पूर्ण की।

कौन हैं ये महिलाएं
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई महिलाओं में 5 महिलाएं ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश की निवासी हैं। इनके नाम श्रीमती रीना उम्र 35 वर्ष, अनीता देवी उम्र 22 वर्ष, सोनाली उर्फ शीला उम्र 45 वर्ष, जाह्नवी देवी उम्र 22 वर्ष और गीता देवी उम्र 37 वर्ष हैं।

वहीं अन्य 2 महिलाएं श्रीमती संगीता उम्र 25 वर्ष और नैना उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश की हैं।

अपराध की पुष्टि नहीं
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए केवल सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कथा स्थल पर अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं। मोबाइल, नगदी एवं अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान और साथ आए बच्चों पर विशेष ध्यान दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

उल्लेखनीय है कि जयंती स्टेडियम में 17 अगस्त से 23 अगस्त तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के दौरान पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।