STF बघेरा दुर्ग के DSP महंत कुमार सिंह को मिलेगा राष्ट्रपति वीरता पदक


26 जनवरी 2027 को सम्मानित होंगे, बस्तर में नक्सल ऑपरेशन में दिखाया अदम्य साहस

दुर्ग। STF बघेरा दुर्ग में पदस्थ उप पुलिस अधिकारी महंत कुमार सिंह को उनके अदम्य साहस, वीरता, निर्भीकता और बहादुरी के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किए जाने का चयन हुआ है। उन्हें यह पदक 26 जनवरी 2027 को प्रदान किया जाएगा।

श्री महंत की पूरी सेवा का अधिकांश समय नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में बीता है। उन्होंने अनेक नक्सल ऑपरेशनों का नेतृत्व बड़ी बहादुरी के साथ किया है, जो सफल रहे। नक्सल विरोधी अभियानों में उनकी भूमिका को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें इस सर्वोच्च वीरता सम्मान के लिए चुना है।

पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
राष्ट्रपति वीरता पदक से पहले भी श्री महंत को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2024 में उन्हें डीजी सीआरपीएफ द्वारा डिस्क पदक और केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा दक्षता पदक से अलंकृत किया गया था।

परिवार में भी वीरता की परंपरा
श्री महंत, सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक रवि प्रताप सिंह के दामाद हैं। श्री रवि प्रताप सिंह को भी राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ पुलिस में श्री रवि प्रताप सिंह योग्य और काबिल अधिकारियों में गिने जाते हैं।

पुलिस विभाग के अधिकारियों ने महंत कुमार सिंह के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी वीरता और नक्सल ऑपरेशन में नेतृत्व क्षमता पूरे प्रदेश के पुलिस बल के लिए प्रेरणा है।