हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

भिलाई। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर लौटे खिलाड़ियों का रविवार को आत्मीय सम्मान किया गया।
छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष माननीय राकेश पांडेय ने अपने 32 बंगला स्थित निवास पर स्वर्ण पदक विजेता पावरलिफ्टर जयदीप साहू, भारतीय टीम के कोच कृष्णा साहू और छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा का मिठाई खिलाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राकेश पांडेय ने खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और कोच को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सदैव प्रोत्साहन एवं सहयोग मिलता रहेगा।
दक्षिण अफ्रीका में लहराया तिरंगा
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका के पॉचेफ़स्ट्रूम में 4 से 12 जुलाई 2026 तक एशियन, पैसिफिक एवं अफ्रीका अंतरराष्ट्रीय महिला एवं पुरुष पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप आयोजित हुई थी। इसमें भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए छत्तीसगढ़ के जयदीप साहू ने सीनियर वर्ग की इक्विप्ड एवं अनइक्विप्ड (क्लासिक) दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर डबल गोल्ड अपने नाम किया।
इसके साथ ही अमन शुक्ला ने जूनियर वर्ग में एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक तथा प्रियांक मिश्र ने एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
संघ के अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा ने कहा कि राकेश पांडेय का खिलाड़ियों के प्रति स्नेह और उत्साहवर्धन अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि दल के दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले भी राकेश पांडेय ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया था। वापस लौटने पर सम्मान देकर उन्होंने जो आत्मीयता दिखाई है, वह प्रत्येक खिलाड़ी के लिए प्रेरणा का विषय है।
इस अवसर पर खेल प्रेमी और संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।