जिला शतरंज चैम्पियनशिप: ईशान सैनी और परिधि लिलहारे बने अंडर-19 चैम्पियन


अंडर-13 में शिल्प कुमार और इशिका मड़के ने मारी बाजी, 84 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा स्मृति गृह निर्माण सहकारी संस्था के सहयोग से स्वामी विवेकानंद भवन, स्मृति नगर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप का समापन रविवार को हुआ।

अंडर-19 ओपन वर्ग में ईशान सैनी ने 4.5 अंक लेकर जिला चैम्पियन का खिताब जीता। वहीं बालिका वर्ग में परिधि लिलहारे ने भी 4.5 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

अंडर-13 ओपन वर्ग में शिल्प कुमार घोड़ेसवार 5.5 अंक के साथ विजेता बने, जबकि बालिका वर्ग में इशिका मड़के ने 5 अंक लेकर ट्रॉफी अपने नाम की।

विजेताओं को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्मृति गृह निर्माण सहकारी संस्था के अध्यक्ष राजीव चौबे, जिला शतरंज संघ के सचिव तुलसी सोनी, प्रशिक्षक सुरेंद्र बल्लेवार, इंटरनेशनल आर्बिटर अलंकार भिवगड़े और रॉकी देवांगन ने विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और ई-सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।

जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने बताया कि स्पर्धा में अंडर-19 और अंडर-13 दोनों वर्गों में जिले के कुल 84 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कुल 6 चक्र के मैच खेले गए।

अन्य प्रमुख परिणाम
अंडर-19 ओपन: द्वितीय अभिनव सिंह राजपूत – 4.5 अंक, तृतीय शुभम सिंह – 4.5 अंक, चतुर्थ गुणवंत साहू – 4.5 अंक, पांचवां शशिंद्र सिंह – 4 अंक, छठवां आर्यमान भिवगड़े – 4 अंक।
अंडर-19 बालिका: द्वितीय आयनी त्रिपाठी – 3 अंक, तृतीय आद्रीका – 3 अंक, चतुर्थ मिताली राजपूत – 3 अंक, पांचवी कासवी जैन – 2.5 अंक, छठवी चारवी माण्डले – 2.5 अंक।
अंडर-13 ओपन: द्वितीय पार्थ मिश्रा – 5 अंक, तृतीय वी. विराट अय्यर – 5 अंक, चतुर्थ चेतस माण्डले – 5 अंक, पांचवां प्रांजल सिंह – 5 अंक, छठवां नीर जैन – 4.5 अंक।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
इस चैंपियनशिप से अंडर-19 ओपन एवं बालिका वर्ग के शीर्ष 4 खिलाड़ियों और अंडर-13 ओपन एवं बालिका वर्ग के शीर्ष 2 खिलाड़ियों का चयन राज्य शतरंज चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

खेलों को बढ़ावा देने तत्पर – राजीव चौबे
मुख्य अतिथि राजीव चौबे ने कहा कि स्मृति गृह निर्माण सहकारी संस्था खेलों को बढ़ावा देने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और आगे भी सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही शानदार आयोजन के लिए जिला शतरंज संघ की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सचिव तुलसी सोनी ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

स्पर्धा के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन रहे। सहयोग में फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा, धीरज चावरे और चंदन विश्वकर्मा रहे। संचालन ईश्वर सिंह राजपूत और आभार प्रदर्शन अनिल शर्मा ने किया।