बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड: 3 आरोपी जेल भेजे गए, 3 करोड़ की संपत्ति-50 लाख के गहने जब्तलॉकर से मिले दस्तावेज, फर्जी नंबर प्लेट से करते थे परिवहन, अब तक 12 गिरफ्तार


दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट से संगठित स्क्रैप चोरी के मामले में खुर्सीपार पुलिस ने पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से करीब 50 लाख के आभूषण और 3 करोड़ की अचल संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

फ्लू डस्ट की आड़ में हो रही थी चोरी
26 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, हथखोज भिलाई में छापा मारा था। जांच में हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी की गई लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग लोड मिली। मौके से लगभग 250 टन स्क्रैप जिसकी कीमत 90 लाख रुपये है, जब्त किया गया था। लोडिंग-परिवहन में लगे वाहनों समेत कुल 3 करोड़ 22 लाख की संपत्ति जब्त हुई थी।

यूपी से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
प्रकरण में पहले 9 आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे। मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह, 48 वर्ष, निवासी खुर्सीपार को विशेष टीम ने उत्तरप्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार किया। 16 जून को गिरफ्तारी के बाद 7 दिन की पुलिस रिमांड ली गई। रिमांड में पूछताछ पर अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा, 45 वर्ष, निवासी सेक्टर-02 भिलाई और आकाश कुमार सिंह, 29 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल की संलिप्तता सामने आई। दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।

गहनों-संपत्ति में लगाया चोरी का पैसा
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि बीएसपी से चोरी का लोहा बेचकर मिले पैसे को संपत्तियों और आभूषणों में निवेश किया। संजय सिंह के लॉकर से 50 लाख के गहने और 3 करोड़ की संपत्तियों के कागजात मिले। आरोपी अक्षय कुमार से भी संपत्ति के दस्तावेज जब्त हुए हैं। इन संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई अलग से होगी।

घटनास्थल का पुनर्निर्माण, फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं
पुलिस ने तीनों आरोपियों को खुर्सीपार गेट से एसएमएस-3 तक ले जाकर घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराया और साक्ष्य जुटाए। चोरी के लोहे के परिवहन में इस्तेमाल वाहनों की फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई हैं।

रिमांड खत्म होने पर तीनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस केस में अब तक कुल 12 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जांच जारी है।

पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि स्क्रैप या औद्योगिक सामग्री के अवैध क्रय-विक्रय की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

कार्रवाई में थाना खुर्सीपार, एसीसीयू दुर्ग और विवेचना टीम की अहम भूमिका रही।