सुशासन तिहार: सेक्टर-10 के शिविर में उमड़ी भीड़, पूर्व विस अध्यक्ष पाण्डेय ने महिला को सौंपा 2 लाख का चेक


जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लगे विभागीय स्टॉल, योजनाओं की दी गई जानकारी

भिलाई: छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार के तहत सोमवार को सेक्टर-10 स्थित गुंडिचा मंडप में विशेष जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और राजस्व, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन सौंपे। अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदनों का संज्ञान लेकर निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।

पाण्डेय ने किया शिविर का निरीक्षण
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर नागरिकों से संवाद किया और अधिकारियों को समस्याओं का संवेदनशीलता व प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। पाण्डेय ने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और समयबद्ध समाधान करना है। सुशासन तिहार इसी सोच को धरातल पर उतार रहा है।

महिला हितग्राही को मिला 2 लाख का चेक
महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत एक महिला हितग्राही को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध करा रही है।

विभागीय स्टॉलों पर मिला समाधान
शिविर में राजस्व, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण समेत कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा। व्यक्तिगत, सामाजिक और क्षेत्रीय समस्याओं पर संबंधित विभागों ने कार्रवाई शुरू की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने निभाई सक्रिय भूमिका
शिविर को सफल बनाने में भाजपा पश्चिम मंडल अध्यक्ष गोल्डी सोनी, संजय दानी, किरण कन्नौज, सविता नाहक, सलोनी, सीमा तिवारी, बी. पद्मनाभन, सुजीत सोनवानी, रेहान अहमद, तारिक खान सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को विभागों तक पहुंचाने में मदद की।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि ऐसे आयोजन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं और समस्याओं के त्वरित समाधान का मंच देते हैं। शिविर ने आम लोगों में शासन के प्रति विश्वास मजबूत किया।