सर्व समाज संगठन ने पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की


संगठन को सशक्त बनाने और जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर

भिलाई: छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन द्वारा संगठन के पदाधिकारियों की कार्यक्षमता एवं नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए रविवार को कबीर वाटिका नेहरू नगर में प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश, संभाग, जिला व तहसील स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

जनता से जुड़ाव के लिए जनकल्याण पर जोर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हेमचंद विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने कहा कि संगठन को कॉलेजों में कैरियर गाइडेंस, रक्तदान, वृक्षारोपण, जरूरतमंदों का सहयोग और ग्रामीणों के हित संवर्धन जैसे जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे आम जनता से जुड़ाव बढ़ेगा। अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष मेघनाथ यादव ने की।

संगठनात्मक कार्यों पर दी गई ट्रेनिंग
प्रदेश उपाध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन के नेतृत्व में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन की संरचना, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां, प्रभावी नेतृत्व, टीमवर्क, अनुशासन, वित्तीय प्रबंधन और कार्य पारदर्शिता जैसे विषयों पर जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की सफलता पदाधिकारियों की सक्रियता, समर्पण और अनुशासन पर निर्भर करती है।

नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र
कार्यशाला में संगठन का विस्तार करते हुए लक्ष्मण सिंह साहू को जिला उपाध्यक्ष राजनांदगांव, पन्ना लाल देवांगन को तहसील अध्यक्ष छुरिया, गिरीश कुमार सोनी को तहसील अध्यक्ष डोंगरगांव, हिरेन्द्र कुमार वैष्णव को तहसील उपाध्यक्ष डोंगरगांव और हुकुमचंद साहू को अध्यक्ष दीवान भेड़ी नियुक्त कर सम्मानित किया गया।

कविता पाठ से बांधा समां
डॉ. कृष्ण कुमार पाटिल, कृपाराम साहू और बेनी राम बघेल ने सस्वर कविताओं का पाठ कर माहौल बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ।

कार्यशाला में महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका सुमन देवांगन, अध्यक्ष कुमुद ताम्रकार, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष शुभ्रकांत ताम्रकार सहित संत कुमार केशकर, ब्रम्हदेव पटेल, लखनलाल साहू समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और समाज सेवा को गति देने का संकल्प लिया। संचालन विजय रात्रे और आभार प्रदर्शन जीवन सिन्हा ने किया।