भाजयुमो नियुक्तियां स्थगित: तकनीकी त्रुटियों के चलते फैसला, जल्द आएगी नई सूची


भिलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा की भिलाई जिला इकाई में हाल ही में घोषित जिला एवं मंडल स्तर की नियुक्तियों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। संगठन के इस फैसले के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है।

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी सूची में कुछ गंभीर तकनीकी विसंगतियां सामने आई थीं। संगठनात्मक पारदर्शिता और निर्धारित मापदंडों को बनाए रखने के उद्देश्य से सूची की घोषणा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में जारी सूची में पाई गई त्रुटियों को सुधारना आवश्यक है, इसलिए सभी पहलुओं की पुनः समीक्षा की जा रही है। कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी हित सर्वोपरि है और जल्द ही एक नई, संशोधित एवं त्रुटिरहित सूची जारी की जाएगी।

संगठन के इस कदम को अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है, हालांकि नियुक्तियों का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं की नजर अब नई सूची पर टिकी हुई है।