सीएम हाउस में पांच घंटे चली हाई लेवल बैठक, मंत्रिमंडल फेरबदल पर अटकलें तेज


सत्ता-संगठन में तालमेल, कानून व्यवस्था और कांग्रेस के हमलों पर हुई चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार रात साढ़े आठ बजे से हाई लेवल बैठक बुलाई गई। सूत्रों के मुताबिक बैठक लगभग पांच घंटे चली। इसमें मंत्रियों के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री अजय जामवाल और पवन साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कई अहम मुद्दों पर चर्चा
सूत्रों ने बताया कि बैठक में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस के हालिया राजनीतिक आक्रमण पर आक्रामक शैली में जवाब देने की रणनीति बनाई गई। सूत्रों के हवाले से खबर है कि मंत्रिमंडल में फेरबदल पर भी चर्चा हुई, लेकिन इसे मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार बताकर कोई भी खुलकर टिप्पणी करने से बच रहा है।

अचानक बुलावे से बढ़ी हलचल
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी मंत्रियों को रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने के लिए कहा गया था। मंत्रियों को अचानक बुलावा भेजे जाने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। पूरी रात राजनीतिक हलकों में बेचैनी देखी गई।

आधिकारिक एजेंडा नहीं हुआ सार्वजनिक
हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ सरकार की प्राथमिकताओं, विभागीय कार्यों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की। इसे सरकार की रणनीतिक और महत्वपूर्ण बैठकों में से एक माना जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि बैठक के बाद भी किसी मंत्री या नेता ने आधिकारिक बयान नहीं दिया। मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों पर सभी ने चुप्पी साध रखी है।