दुर्ग ग्रामीण : उतई में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम, गर्भवती माताओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन


दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परियोजना दुर्ग ग्रामीण के सेक्टर उतई के मंगल भवन में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना से हुआ। जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार पांडे ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक सरल भाषा में पहुंचाना और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिनों का सम्मान करते हुए स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पौष्टिक थाली, न्योता भोज, खिलौना बैंक के माध्यम से आंगनवाड़ी को सक्षम बनाना है।

मुख्य अतिथि ललित चंद्राकर ने कहा कि जब गर्भवती माता स्वस्थ होगी तो आने वाली पीढ़ी स्वस्थ होगी। सनातन परंपरा गोदभराई और अन्नप्राशन को सरकार ने पोषण अभियान से जोड़कर मातृशक्ति का सम्मान बनाया है।

गोदभराई, अन्नप्राशन और सम्मान
कार्यक्रम में गर्भवती माता ममता यादव, तारिणी यादव, वासनी गौतम, प्रियंका, राधिका, दीपेश्वरी साहू, दीपिका गायकवाड़ की गोदभराई कर सुपोषण टोकरी दी गई। 6 माह पूरे कर चुके बच्चों भव्या ढीमर, दिव्यांशी साहू, दिव्यस और ध्रुवित ढीमर का अन्नप्राशन किया गया। सामुदायिक सहयोग से न्योता भोज में बच्चों को खीर, पूड़ी, हलवा, केला, सलाद, लड्डू वितरित किया गया।

स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में धैर्य यादव और नव्या साहू की माताओं को पुरस्कृत किया गया। मेहंदी में सोमन विश्वकर्मा प्रथम, फुगड़ी में तृषा प्रथम रहीं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिनों को सम्मानित किया गया।

परियोजना अधिकारी उषा झा ने सुकन्या समृद्धि में खाता खुलवाने की अपील की। स्वास्थ्य शिविर में HB, शुगर, BP जांच और सुकन्या समृद्धि खाता शिविर लगाया गया। विधायक ने सभी को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।