छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप का भिलाई में 14 अगस्त से भव्य आयोजन


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल करेंगे शुभारंभ, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए होगा चयन

भिलाई। ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन में छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से जिला शतरंज संघ दुर्ग 14 से 16 अगस्त तक भिलाई के सेक्टर 6 स्थित जैन भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर / अंडर 17 एवं अंडर 19 फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप का आयोजन कर रहा है।

चैम्पियनशिप का शुभारंभ 14 अगस्त को सुबह 10 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेविका डॉ. मानसी गुलाटी करेंगी। विशिष्ट अतिथि दुर्ग-भिलाई के समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा होंगे।

200 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 8 चक्रों में होगी स्पर्धा
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत और सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के 17 जिलों से लगभग 200 शतरंज प्रतिभागी शामिल होंगे। टूर्नामेंट 8 चक्रों में खेला जाएगा।

राष्ट्रीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप के लिए होगा चयन
इस टूर्नामेंट का महत्व अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त होने के कारण और बढ़ गया है। फीडे रेटेड टूर्नामेंट होने से छत्तीसगढ़ के रेटेड खिलाड़ियों को अपनी रेटिंग बढ़ाने और अन्य खिलाड़ियों को रेटिंग शुरू करने का अवसर मिलेगा।

टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के अंडर 17 और अंडर 19 वर्ग में कुल 86 रेटेड खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

  • अंडर 17: 2 बालक और 2 बालिका
  • अंडर 19: 4 बालक और 4 बालिका
    का चयन आगामी राष्ट्रीय जूनियर शतरंज चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

नगद पुरस्कार और मोमेंटो
अंडर 19 बालक-बालिका वर्ग:
प्रथम 7000 रुपए + ट्रॉफी, द्वितीय 5000 रुपए + ट्रॉफी, तृतीय 3000 रुपए + ट्रॉफी, चतुर्थ 2000 रुपए + ट्रॉफी, पंचम और षष्ठ 1000-1000 रुपए + मोमेंटो।

अंडर 17 बालक-बालिका वर्ग: प्रथम 5000 रुपए + ट्रॉफी, द्वितीय 3000 रुपए + ट्रॉफी, तृतीय 2000 रुपए + ट्रॉफी, चतुर्थ 1000 रुपए + ट्रॉफी, पंचम और षष्ठ को मोमेंटो।

इसके अलावा अंडर 7, 9, 11 और अंडर 13 के बालक-बालिका वर्ग में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को मोमेंटो दिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को मेडल और ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे।

टूर्नामेंट के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन और सहायक निर्णायक फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा होंगे।