छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आयोजन पर पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव का जताया आभार


प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच, रजिस्ट्रेशन शुरू

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी के पदाधिकारियों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।

छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी ने कहा कि प्रदेश में पहली बार हॉकी लीग का आयोजन हॉकी और खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस लीग के जरिए प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा और बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा। साथ ही उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए प्रदेश भर के खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को लीग से जोड़ने का काम किया जा रहा है। आयोजन से प्रदेश में हॉकी के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का मौका मिलेगा।

अंसारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। ऐसे में यह लीग प्रदेश में हॉकी के विकास को नई गति देगी।
पदाधिकारियों ने इस आयोजन के लिए प्रदेश सरकार और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार के मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध होंगे।

उपस्थित रहे
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के सचिव शिवनारायण धकेता, भूषण साव, नीलमचंद जैन, अनुराज श्रीवास्तव, अमिताभ मानिकपुरी, धनीराम यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।