भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ की जिला टीम घोषित, मनोज तिवारी को फिर मिली कमान


भिलाई। Bharatiya Janata Party के छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय से जारी आदेश में झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ की जिला इकाई के संयोजक और सहसंयोजकों की घोषणा कर दी गई है। यह नियुक्तियां प्रदेश अध्यक्ष Kiran Singh Deo की सहमति से की गई हैं।

जारी सूची के अनुसार भिलाई जिले में मनोज तिवारी को एक बार फिर जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि मनोज तिवारी पूर्व में भी इसी दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अनुभव और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने दोबारा उन पर भरोसा जताया है।

वहीं सहसंयोजक के रूप में प्रेमाचंद गिरी, रामानुज प्रसाद और हेमंत बेहरा को जिम्मेदारी दी गई है। नई टीम के गठन के साथ संगठन ने झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने और वहां रहने वाले लोगों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है।

इसी के साथ महिला मोर्चा में भी संगठन ने निरंतरता बनाए रखते हुए स्वीटी कौशिक को दोबारा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि अन्य पदों पर नए पदाधिकारियों को अवसर दिया गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार नई टीम के गठन के बाद जल्द ही बस्तियों में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। नई नियुक्तियों पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।