भिलाई में ‘वरिष्ठजन कल्याण महासंघ’ का गठन, घनश्याम देवांगन बने अध्यक्ष


वरिष्ठजनों के साथ बच्चों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए भी करेगा काम

भिलाई। अंचल के प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, समाजसेवियों और विशिष्ट नागरिकों की बैठक बुधवार को नेहरू नगर में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से ‘वरिष्ठजन कल्याण महासंघ’ नामक स्वैच्छिक, गैर-राजनीतिक एवं गैर-लाभकारी संस्था का गठन किया गया।
महासंघ वरिष्ठजनों के सम्मान, सुरक्षा और खुशहाल जीवन के साथ-साथ समाज के सभी आयु वर्गों – बच्चों, युवाओं और महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए काम करेगा।

घनश्याम कुमार देवांगन, अध्यक्ष

घनश्याम देवांगन बने संस्थापक अध्यक्ष
बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी घनश्याम कुमार देवांगन को सर्वसम्मति से महासंघ का संस्थापक अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। गोपाल प्रसाद तिवारी को महासचिव और दिनेश कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
प्रसिद्ध विद्वान एवं संस्कृताचार्य डॉ. महेशचंद्र शर्मा और ‘कला परंपरा’ के संपादक डॉ. डी. पी. देशमुख को महासंघ का संरक्षक नियुक्त किया गया। अध्यक्ष को कार्यकारिणी गठन, संविधान निर्माण और सोसायटी पंजीयन की वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कराने का अधिकार दिया गया।

समाज के हर वर्ग के लिए काम करेगा महासंघ
बैठक में तय किया गया कि महासंघ सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय एकता जैसी लोकहितकारी गतिविधियों का नियमित संचालन करेगा।
महासंघ का प्रारंभिक कार्यक्षेत्र जिला दुर्ग रहेगा, जिसे आगे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। समान विचारधारा वाली संस्थाओं को संबद्धता देकर इसे राज्यव्यापी सामाजिक जनआंदोलन का मंच बनाया जाएगा।

गोपाल प्रसाद तिवारी, महासचिव

क्या कहा संरक्षकों ने संरक्षक डॉ. महेशचंद्र शर्मा ने इसे दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि यह संगठन वरिष्ठजनों के सम्मान और समाज सेवा के क्षेत्र में आदर्श संस्था के रूप में स्थापित होगा।
संरक्षक डॉ. डी.पी. देशमुख ने कहा कि महासंघ वरिष्ठजनों के साथ बच्चों, युवाओं और महिलाओं की खुशहाली के लिए भी काम करेगा।

बैठक में संस्थापक सदस्य कांतिलाल विश्वकर्मा, आर. पी. वार्ष्णेय, धानेश्वर कुमार निर्मल, एल.एन. मौर्य, जोसफ, हुकुमचंद देवांगन, छाया विश्वकर्मा, सुमन देवांगन सहित सभी ने महासंघ को समाजहित की ऐतिहासिक पहल बताया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए महासचिव गोपाल प्रसाद तिवारी ने आभार व्यक्त किया और जोसफ ने गीत प्रस्तुत किए।

दिनेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष