5 साल के उदय साहू ने तीन प्रतियोगिताओं में जीते गोल्ड मेडल, छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान


बेमेतरा। महज 5 साल की उम्र में तीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कुड़ो प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर बेमेतरा के उदय साहू ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रतियोगिताओं में उदय ने तीनों मुकाबलों में गोल्ड मेडल हासिल कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

उदय साहू ने अंडर-6 आयु वर्ग के 18 किलोग्राम से कम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 12 से 15 नवंबर तक आयोजित 17वें कुड़ो नेशनल टूर्नामेंट, 15 से 17 नवंबर तक हुए अक्षय कुमार 18वें इंटरनेशनल कुड़ो टूर्नामेंट और 17 से 19 नवंबर तक आयोजित 7वें कुड़ो फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीता।

ये प्रतियोगिताएं गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुईं। इनमें देशभर की 32 टीमों के 5,436 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 146 कोच और 85 ऑफिशियल भी शामिल रहे।

छत्तीसगढ़ ने हासिल किया चौथा स्थान

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 135 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 175 पदक जीते, जिनमें 36 स्वर्ण, 54 रजत और 85 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ ने ओवरऑल चैंपियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया।

उपमुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों से मिले उदय

तीन स्वर्ण पदक जीतकर लौटे उदय साहू ने उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, विधायक दीपेश साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई, पुलिस अधीक्षक आलोक बंसल और कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कोच और माता-पिता के मार्गदर्शन से मिली सफलता

बेमेतरा की द वॉरक्राई मार्शल आर्ट्स एवं सेल्फ-डिफेंस अकादमी के संचालक और मुख्य प्रशिक्षक भानु प्रताप साहू ने उदय की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में तीन स्वर्ण पदक जीतना जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

उदय ने अपनी सफलता का श्रेय कोच भानु प्रताप साहू के प्रशिक्षण और पिता अरविंद कुमार साहू (रक्षित निरीक्षक) तथा माता लोचन साहू (पटवारी, राजस्व विभाग, जिला बेमेतरा) के सहयोग और प्रोत्साहन को दिया।

पांच वर्षीय उदय की इस उपलब्धि से बेमेतरा के खेल प्रेमियों में खुशी है। तीन प्रतियोगिताओं में लगातार स्वर्ण पदक जीतने वाले उदय से अब भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।