साइबर अपराधियों से एक कदम आगे : पुलिस ने एक सप्ताह में 38 स्कूल-कॉलेजों में पहुंचाया सुरक्षा का संदेश


मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने पहले सप्ताह में 38 विद्यालय-महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 5,242 विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन और डीएसपी नेहा पवार के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों में ये कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, CVV, पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने, फर्जी कस्टमर केयर, बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी, KYC अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, QR Code और ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड और Two-Factor Authentication का उपयोग करने, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट से बचने और निजी जानकारी सार्वजनिक न करने की सलाह दी गई। साथ ही भ्रामक वीडियो-मैसेज को बिना सत्यापन शेयर न करने की अपील की गई।

अभियान के तहत “साइबर सेल्फी अभियान” की भी जानकारी दी गई और साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करने को कहा गया।

पुलिस ने संदेश दिया – “एक जागरूक विद्यार्थी, एक जागरूक परिवार, एक जागरूक परिवार, एक सुरक्षित समाज।”