यूनिक एफसी भिलाई-3 ने जीता अंडर-15 9-ए साइड फुटबॉल का खिताब


फाइनल में ब्रह्मविद एफए रायपुर को 1-0 से हराया, विजेता को 21 हजार का नकद पुरस्कार

भिलाई। सेक्टर-2 टर्फ फुटबॉल ग्राउंड में 15 और 16 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय अंडर-15 9-ए साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब यूनिक एफसी भिलाई-3 ने अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल में यूनिक एफसी ने ब्रह्मविद एफए रायपुर को 1-0 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और ओडिशा की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया।

स्वतंत्रता दिवस पर हुआ शुभारंभ
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मंत्री भाजपा रश्मि सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। दो दिनों तक खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचक मुकाबले दिए।

फाइनल से पहले हुआ 40 प्लस मैच
16 अगस्त को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। फाइनल से पहले 40 प्लस आयु वर्ग का प्रदर्शनी मैच भिलाई स्टार्स और रायपुर स्टार्स के बीच हुआ। इसमें भिलाई स्टार्स ने रायपुर स्टार्स को 4-0 से हराया।

यूनिक एफसी ने 1-0 से जीता फाइनल
अंडर-15 वर्ग का फाइनल मुकाबला यूनिक एफसी भिलाई-3 और ब्रह्मविद एफए रायपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। यूनिक एफसी ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।

पुरस्कार वितरण
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने विजेता टीम यूनिक एफसी भिलाई-3 को 21 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की। उपविजेता ब्रह्मविद एफए रायपुर को 11 हजार रुपये दिए गए। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के मैन ऑफ द टूर्नामेंट खिलाड़ी को एलईडी टीवी सहित आकर्षक उपहार भेंट किया गया।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, भिलाई भाजपा कोषाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया सोनी, समाजसेवी विपुल गुप्ता, सजीव सुधाकरन और जिला मंत्री भाजपा रश्मि सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

आयोजकों ने जताया आभार
आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर पर खेलने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सभी टीमों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का सफल आयोजन भिलाई में फुटबॉल के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।