सावन में नंदी की अनोखी भक्ति: रोज आकर शिवलिंग पर जल अर्पित करते हैं


भिलाई सेक्टर-1 पावर हाउस के पास पीपल के नीचे स्थापित शिवलिंग पर नंदी कर रहे जलाभिषेक

भिलाई। सावन के पवित्र महीने में भिलाई सेक्टर-1 में नंदी की गजब भक्ति देखने को मिल रही है। पावर हाउस स्टेशन के सामने पीपल के पेड़ के नीचे भक्तों द्वारा स्थापित शिवलिंग पर एक नंदी प्रतिदिन सुबह आकर जल अर्पित कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार सावन के पहले दिन से ही यह अद्भुत नजारा रोज देखने को मिल रहा है। नंदी सुबह के समय वहां विचरण करते हुए आते हैं। शिवलिंग के ऊपर मिट्टी की हंडी रूपी कलश में रखा जल ग्रहण करते हैं और फिर उसी जल से शिवलिंग का अभिषेक कर वापस चले जाते हैं।

सेक्टर-1 निवासी गोकुल शर्मा ने बताया कि “यह रोज का नजारा है। खुले स्थान में होने के कारण यहां कोई सुरक्षा प्रबंध नहीं है, फिर भी नंदी बेहद शांतिपूर्वक आते हैं और पूजा कर लौट जाते हैं।”

पीपल पेड़ के पास डेली नीड्स संचालक प्रमोद साव का कहना है कि नंदी बेहद शांत प्रवृत्ति के हैं। नियमित रूप से आकर जल ग्रहण और अर्पण करने के बाद वे रवाना हो जाते हैं। उल्लेखनीय बात यह है कि खुले में रखा मिट्टी का कलश पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी तरह की क्षति नहीं पहुंची है।

भक्तों का मानना है कि सावन में भगवान शिव और नंदी का यह अनोखा संबंध आस्था का प्रतीक है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस नजारे को देखने और दर्शन करने पहुंच रहे हैं।