के सी जी पुलिस का अभिनव प्रयास,आपात स्थिति में बच्चों को परिजनों से मिलाने के लिए बच्चों को सिखाया गया “सुरक्षा मंत्र”


गार्डन एवं मार्ट बाजार में बच्चों को माता-पिता का मोबाइल नंबर याद रखने किया गया जागरूक,

(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ :
बच्चों की सुरक्षा को लेकर खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिला पुलिस के व्दारा संवेदनशील एवं अभिनव पहल की शुरुआत की गई है।। छोटे बच्चे कभी भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजार, गार्डन अथवा सार्वजनिक स्थानों पर खेलते समय अपने परिजनों से बिछड़ सकते हैं।। ऐसी आपात स्थिति में बच्चा अपने माता-पिता अथवा परिजनों से शीघ्र संपर्क कर सके, इसे ध्यान में रखते हुए थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा आज गार्डन एवं मार्ट बाजार में पहुंचकर बच्चों को जागरूक किया गया।।

पुलिस टीम द्वारा बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें समझाया गया कि यदि वे कभी अपने माता-पिता या परिजनों से बिछड़ जाएं तो घबराएं नहीं, रोते हुए इधर-उधर अकेले न जाएं, बल्कि किसी सुरक्षित स्थान पर रुककर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी, सुरक्षा गार्ड, दुकानदार अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लें।। इस दौरान बच्चों को विशेष रूप से अपने माता-पिता का मोबाइल नंबर याद रखने के लिए प्रेरित किया गया।।पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बच्चों को मोबाइल नंबर याद कराने के साथ-साथ यह भी बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे अपना नाम, माता-पिता का नाम एवं घर का पता बताने का प्रयास करें।‌।

पुलिस द्वारा बच्चों को यह भी समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ कहीं नहीं जाना है और न ही किसी अजनबी द्वारा दिए गए खाने-पीने की वस्तु अथवा किसी अन्य सामान को लेना है।।यदि कोई बच्चा रास्ता भटक जाए अथवा परिजनों से अलग हो जाए तो तत्काल मदद के लिए आसपास मौजूद पुलिसकर्मी अथवा विश्वसनीय व्यक्ति से संपर्क करना चाहिए।।

एक मोबाइल नंबर—बच्चे की सुरक्षा का मजबूत सहारा”
थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही सुरक्षा संबंधी व्यवहार एवं आपात स्थिति में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है, ताकि किसी अप्रिय परिस्थिति में बच्चे को उसके परिजनों से शीघ्र मिलाया जा सके।।

पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है,कि वे अपने छोटे बच्चों को कम से कम माता-पिता के मोबाइल नंबर याद करवाएं, उनके नाम एवं घर का पता बताना सिखाएं तथा बच्चों के साथ नियमित रूप से सुरक्षा संबंधी संवाद करें।।

खैरागढ़ पुलिस का संदेश
“बच्चों की सुरक्षा, हम सबकी जिम्मेदारी,एक मोबाइल नंबर याद रखें, आपात स्थिति में अपनों तक पहुंचने का रास्ता आसान बनाएं।।”के सी जी पुलिस द्वारा बच्चों की सुरक्षा एवं जन-जागरूकता के लिए ऐसे अभिनव प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।।