राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज प्रतियोगिता का समापन


“आज के बच्चे कल शतरंज की दुनिया में बनेंगे बरगद का पेड़” – डॉ. रमन सिंह

राजनांदगांव। दिग्विजय स्टेडियम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरूण साव और सांसद संतोष पाण्डेय विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

एलिगेंट कॉमर्स एवं आईटी कॉलेज राजनांदगांव तथा एनआरसीए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्यभर से लगभग 125 बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। डॉ. रमन सिंह और अरूण साव ने प्रतिभागियों के बीच पहुंचकर शतरंज खेलते बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ बोर्ड पर चालें भी चलीं।

“खेल से बनता है आत्मविश्वास और अनुशासन”
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की शतरंज परंपरा प्रेरणादायी है। आज प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे बच्चे भविष्य में शतरंज के बड़े खिलाड़ी बन सकते हैं। उन्होंने कहा, “जिस तरह वृक्षारोपण के समय छोटा पौधा दिखता है और समय के साथ वही विशाल बरगद बन जाता है, उसी तरह आज के ये बच्चे शतरंज की दुनिया में बड़ा नाम करेंगे।”

उन्होंने बच्चों से कहा कि हार से निराश न हों। हार को सीख मानकर आगे बढ़ें। बच्चों में आत्मविश्वास जगाना सबसे जरूरी है। एक बार हिम्मत आ जाए तो कोई भी रोक नहीं सकता। उन्होंने आश्वस्त किया कि बच्चों को खेल में आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम में सुबह से शाम तक खेल गतिविधियां चलती हैं। खेल मैदान से आत्मविश्वास, अनुशासित और स्वस्थ युवा तैयार होता है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को करियर के लिए खेल चुनना जरूरी नहीं, लेकिन कम उम्र से किसी न किसी खेल से जुड़ना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “जो खेलेगा वही खिलेगा” संदेश का जिक्र करते हुए उन्होंने बच्चों को खूब खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में बालिकाओं की बड़ी संख्या उत्साहजनक है।

विजेताओं को किया गया सम्मानित
समापन पर विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

इस अवसर पर राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, दिग्विजय स्टेडियम सचिव रमेश पटेल, सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी और नागरिक उपस्थित थे।