3 जुलाई को रायपुर में होगा ‘नारी संगम’ का आयोजन, 300 संस्थाओं की महिलाएं होंगी शामिल


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आमंत्रित, ‘लव यू जिंदगी’ विषय पर होगा प्रशिक्षण

रायपुर। जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल द्वारा महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम “नारी संगम” का आयोजन 3 जुलाई को दीनदयाल ऑडिटोरियम में किया जाएगा। यह रायपुर में तीसरी बार आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम में वामा कैपिटल का 16वां फाउंडेशन डे भी मनाया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय ट्रेनर देंगे प्रशिक्षण
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय प्राइम ट्रेनर और जेसीआई सीनेटर राजेश अग्रवाल प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे। उनका सत्र “लव यू जिंदगी” विषय पर होगा। इसमें जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखना, आत्मविश्वास विकसित करना और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

300 संस्थाओं की भागीदारी
आयोजन में पूरे छत्तीसगढ़ की करीब 300 संस्थाओं से महिलाओं की सहभागिता होगी। रायपुर से बाहर की संस्थाओं और उत्कृष्ट संस्थाओं का मंच पर सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 100 से अधिक सदस्यों की टीम विभिन्न समितियों के माध्यम से तैयारी में जुटी है।

मुख्यमंत्री को आमंत्रण
इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

समितियों का गठन
कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर जया अरोरा और अध्यक्ष धृति वैभव शर्मा ने बताया कि संस्थापक अध्यक्ष लीना वाढेर, संयोजक रुपाली दुबे और चैप्टर इंचार्ज आंचल पंजवानी के निर्देशन में विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। टीम के सदस्य पूरे समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सीखने और एक साझा मंच पर जुड़ने का अवसर देना है।