हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
हमारे बारे में
छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

राजनांदगांव: सोमनी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर एसपी अंकिता शर्मा ने सोमनी थाना प्रभारी अरुण नामदेव को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है। वहीं सीएमएचओ डॉ. नवरतन कश्यप ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोमनी में पदस्थ डॉक्टर मौन्या साहू और लैब टेक्नीशियन किरण साहू को वहां से हटा दिया है।
*क्या है मामला* पीड़ित पिता के अनुसार उनकी 14 वर्षीय बेटी का 25 मई को सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा था। जांच के बाद दी गई मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल से सोमनी थाना को सूचना दी गई। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने शाम को परिवार को थाने बुलाया और रात करीब 8.40 बजे महिला पुलिसकर्मी वाहन लेकर अंजोरा में चल रहे पारिवारिक कार्यक्रम से नाबालिग को थाने ले गई।
*रातभर थाने में बैठाने का आरोप* शिकायत में कहा गया है कि बच्ची को खाना तक नहीं खाने दिया गया और रातभर थाने में बैठाकर पूछताछ की गई। महिला पुलिसकर्मी पर गाली-गलौज, धमकी देने और दुपट्टे से गला दबाने तक के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि बच्ची के गले में नाखून के निशान भी आए।
*दूसरी जांच में रिपोर्ट अलग आई* परिजनों के अनुसार जिला अस्पताल में दोबारा जांच कराने पर मेडिकल रिपोर्ट अलग आई। इसके बाद भी महिला पुलिसकर्मी द्वारा बच्ची का उपहास उड़ाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद बच्ची मानसिक रूप से परेशान है और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है।
*कांग्रेस ने की थी कार्रवाई की मांग* मामले में पीड़ित परिवार और कांग्रेस नेताओं ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेशिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा था कि नाबालिग को पूरी रात थाने में बैठाना अमानवीय है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।
*अधिकारियों का बयान* एसपी अंकिता शर्मा ने कहा, “मामले में सोमनी टीआई को लाइन अटैच किया गया है और जांच जारी है।” वहीं सीएमएचओ डॉ. नवरतन कश्यप ने बताया, “रिपोर्ट देने वाले लैब टेक्नीशियन और डॉक्टर को वहां से हटा दिया गया है। मामले की जांच चल रही है।”