मनगटा वन चेतना केंद्र के पास 150 एकड़ अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर


कलेक्टर के निर्देश पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, नदी नालों तक पर था माफियाओं का कब्जा

राजनांदगांव: जिला प्रशासन ने भूमाफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए मनगटा वन चेतना केंद्र के पास करीब 150 एकड़ जमीन पर हुई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। बुधवार सुबह भारी पुलिस बल और राजस्व अमले के साथ जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंचीं।

कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर शुरू की गई कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार भूमाफियाओं ने सरकारी जमीन, नदी नालों और प्रतिबंधित क्षेत्रों तक पर कब्जा कर अवैध प्लॉट काट दिए थे। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।

रास्ते और बाउंड्रीवाल तोड़े गए
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। जेसीबी से अवैध रूप से बनाए गए रास्ते, बाउंड्रीवाल और प्लॉटिंग संरचनाओं को ध्वस्त किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार भिलाई के भूमाफिया इस इलाके में सक्रिय थे।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों और अवैध कॉलोनियां बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बिना अनुमति प्लाटिंग, सरकारी भूमि पर कब्जा और नदी नालों की जमीन पर निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद जिलेभर के भूमाफियाओं में हड़कंप है।